मोहाली। वीआईपी जिले के लिए कोरोना (कोविड-19) के बीच शनिवार का दिन काफी राहत भरा रहा। इस दौरान जहां करीब एक महीने के बाद कोविड से कोई जान नहीं गई। वहीं, संक्रमित होने वालों की अपेक्षा ठीक होने वाले मरीजों की संख्या दोगुनी हो गई है। इतना ही नहीं संक्रमितों की संख्या भी 100 से नीचे रही। शनिवार को 88 नए संक्रमित मिले हैं।
डीसी गिरीश दियालन ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शनिवार को ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 166 रही। डीसी ने लोगों को कोरोना गाइड लाइन का पालन करने की नसीहत दी है। सिविल सर्जन मोहाली डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि कोरोना को मात देने के लिए सेहत विभाग ने कोरोना की टेस्टिंग बढ़ा दी है। अब शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में भी टेस्टिंग बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि डेराबस्सी में 14, खरड़ में दो, कुराली में एक, लालडू में तीन, मोहाली में 59, घंडूआं में एक, ढकोली व इसके आसपास के क्षेत्र में आठ केस सामने आए हैं। वहीं, अब तक मृतकों की संख्या 199 हो चुकी है। संक्रमितों की संख्या 10833 है। जबकि 8947 मरीज ठीक हो चुके हैं और एक्टिव केसों की संख्या 1687 है।