मोहाली। विधानसभा चुनाव की आचार संहिता खत्म होने के साथ ही इलाके में चल रहे विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है लेकिन विकास कार्यों के लिए सड़कों पर रखी गई निर्माण सामग्री अब हादसों को न्योता दे रही है। इतना ही नहीं इस वजह से जाम की स्थिति भी बन रही है। इसके बावजूद नगर निगम द्वारा ठेकेदारों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में समाजसेवी दीपक चौधरी ने नगर निगम को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वाईपीएस चौक से मदनपुर आ रही सड़क पर फेज तीन-ए की मार्केट के पास फुटपाथ बनाने का काम चल रहा है। इस काम मेें जुटे ठेकेदार ने सारी निर्माण सामग्री सड़क पर गिराई हुई है जो आधी सड़क तक फैल गई है। वहीं पास में ही ट्रैफिक लाइट होने की वजह से वहां पर जाम की स्थिति बन रही है। वीरवार को पूरा दिन इलाके के लोग इस वजह से परेशान होते रहे।
समाजसेवी दीपक चौधरी ने बताया कि रात के समय स्थिति ज्यादा खराब हो जाती है। कई बार स्ट्रीट लाइट बंद होने से हादसों का डर बन जाता है। कुछ माह पहले नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह जीती सिद्धू व नगर निगम के कमिश्नर ने इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया था। साथ ही सारे ठेकेदारों को हिदायत थी कि निर्माण सामग्री सड़कों पर नहीं आनी चाहिए। इसके बाद भी नगर निगम कार्रवाई नहीं कर रहा है।
मामला ध्यान में नहीं है। इस चेक करवाऊंगा। नियम तोड़ने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आगे दोबारा ऐसी स्थिति न बने, कार्रवाई की जाएगी। -कुलजीत सिंह बेदी, डिप्टी मेयर