जीरकपुर। नगर काउंसिल द्वारा सोमवार को प्रीत कॉलोनी में एक दुकान के ऊपर बनाई रिहायश की सीढ़ी गिराने के खिलाफ कांग्रेस और अकाली दल के पार्षदों ने आज एकजुट होकर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर सभी पार्षदों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के एक नेता के दबाव में काउंसिल के पदाधिकारियों ने सीढ़ी को गिरा दिया।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी काउंसिल के मामलों में अवैध रूप से दखल दे रही है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर आप नेताओं ने अपनी मनमानी बंद नहीं की तो वे एकसाथ आकर पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
विरोध कर रहे नगर काउंसिल अध्यक्ष उदयवीर सिंह ढिल्लों व पूर्व विधायक एनके शर्मा के भाई और पार्षद यादविंदर शर्मा और धरमिंदर शर्मा ने कहा कि हरजिंदर सिंह शीनू का प्रीत कॉलोनी में 30 साल पुराना घर है जिसे उन्होंने किराए पर दिया था। आम आदमी पार्टी (आप) का एक नेता लंबे समय से घर की पहली मंजिल तक जाने वाली सीढ़ी के निर्माण की शिकायत कर रहा है। इस संबंध में न्यायालय में मामला भी चल रहा है। परिषद के अधिकारियों द्वारा कल सुबह सीढ़ी हटाने का नोटिस जारी करने के चंद घंटे बाद ही भारी पुलिस बल की मदद से इसे गिरा दिया गया। इससे पहली मंजिल पर रहने वाले किराएदारों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। काउंसिल के अध्यक्ष उदयवीर ढिल्लों और अन्य पार्षदों ने कहा कि अधिकारियों ने इसे तोड़ने के लिए किसी को विश्वास में नहीं लिया। यह सब आम आदमी पार्टी के नेता के दबाव में किया गया है। आम आदमी पार्टी परिवर्तन की नहीं बदले की नीति अपना रही है। वहीं इस बारे में हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि काउंसिल के पदाधिकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पार्टी नेता के दबाव में लीढ़ी तोड़ने के आरोपों से साफ इनकार किया।
क्या कहते हैं अधिकारी
दुकान के बगल से ऊपर की रिहायश को जाती सीढ़ी अवैध थी। इसे नियमानुसार हटाया गया है। -गिरीश वर्मा, कार्यवाहक अधिकारी नगर काउंसिल