मोहाली। शहर में सुुलभ शौचालय में तैनात मुलाजिम अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्ष की राह पर आ गए हैं। मुलाजिमों ने सुलभ शौचालय एवं मजदूर संगठन यूनियन के बैनर तले रोज गार्डन में रैली निकाली। इसके बाद नगर निगम दफ्तर तक रोष मार्च निकाला और कमिश्नर का पुतला फूंका। वहीं, मुलाजिमों ने तय किया है कि जब तक उनका बोनस और अन्य मांगें पूरी नहीं होती, तब तक वह शहर के शौचालय की सफाई नहीं करेंगे। उनका कहना है कि दिवाली का त्योहार सिर पर आ गया। लेकिन उनकी मांगें पूरी नहीं करके उनके साथ धक्केशाही की जा रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक शहर के सुलभ शौचालय में तैनात मुलाजिम काफी समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें अभी तक बोनस और एरियर नहीं दिया गया है। इससे वह आहत हैं और मजबूरी में उन्हें संघर्ष की राह पर आना पड़ा है। उन्होंने कहा कि वह लोगों की मुश्किलों को अच्छी तरह से समझते हैं। लेकिन इसके सिवाए उनके पास कोई दूसरा विकल्प तक नहीं था। बता दें कि दिवाली जैसा अहम त्योहार शनिवार को है। वहीं, शहर के सभी बाजारों में लोग खरीदारी करने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में सुलभ शौचालय के मुलाजिमों की और से शौचालय की सफाई न करने से लोगों की मुश्किल बढ़ सकती है। व्यापारियों की मानें तो मुलाजिमों की मांग को नगर निगम को पहल के आधार पर पूरा करना चाहिए। अगर ऐसा संभव नहीं है तो कोई अन्य इंतजाम करना चाहिए, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की मुश्किल न उठानी पड़े।