मोहाली। वीआईपी शहर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में शुक्रवार को एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। इस हादसे में मृतक युवती एक नामी शॉपिंग मॉल में नौकरी करती थी। जबकि मृतक युवक एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि आरोपी अभी तक फरार हैं।
जानकारी के मुताबिक पहला हादसा बुधवार रात को हुआ था। मृतक युवती मीनू उर्फ पायल चौहान 25 बेस्टेक मॉल में नौकरी करती थी। वह शाम को ड्यूटी करने के बाद अपनी साइकिल पर सोहाना घर जा रही थी। जब वह सेक्टर-69 के लाइट प्वाइंट पर पहुंची तो पीछे से एक बाइक सवार टक्कर मार दी। वह सिर के बल जमीन पर गिरी और बेहोश हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तुरंत युवती को सेक्टर-69 मायो अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उसकी गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फेज-6 सिविल अस्पताल मोहाली मेें रैफर कर दिया। यहां से युवती को पीजीआई रैफर कर दिया गया। पीजीआई में इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई है। इस हादसे में थाना फेज-8 की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एएसआई एवं मामले के जांच अधिकारी भूपिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरा हादसा पीसीए रोड पर हुआ। इस दौरान एक ऑल्टो कार को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में ऑल्टो सवार हितेश गांगुली 23 निवासी रायपुरानी की मौत हो गई। पता चला है कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। इसके साथ ही अपने किसी काम से यहां हुआ था। थाना फेज-88 के एएसआई एवं मामले के जांच अधिकारी जागीर सिंह ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है।