मोहाली। विधानसभा हलके से आप के उम्मीदवार और नगर निगम के पूर्व मेयर कुलवंत सिंह ने अपने चुनाव अभियान के तहत रविवार को फेज-1 के बाजार का दौरा किया। इस दौरान दुकानदारों ने उनका जगह-जगह पर भव्य स्वागत किया। इस मौके पर कुलवंत सिंह ने दुकानदारों से बातचीत की और अपनी मुश्किलों से अवगत करवाया। दुकानदारों ने कुलवंत सिंह के ध्यान में लाया कि यह बाजार पुराना है, मगर लंबे समय से इसको पक्का किए जाने के लिए लोगों की ओर से चुनिंदा नुमाइंदों को मांगपत्र सौंपे जा चुके हैं। लेकिन इस मार्केट को किसी ने भी पक्का नहीं किया। दुकानदारों की इस मांग के बारे में आप प्रत्याशी कुलवंत सिंह ने कहा कि 20 फरवरी को पंजाब के लोग आप की सरकार बनाने जा रहे हैं, और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान होंगे। आप की सरकार बनते ही फेज-1 और अन्य बाजारों को पक्का किया जाएगा। साथ ही दूसरी समस्याओं को भी हर हाल में दूर किया जाएगा।
कुलवंत सिंह ने कहा कि उनके मेयर के कार्यकाल के दौरान शहर में कई बड़े प्रोजेक्ट पास करवाए गए, जिनको बलबीर सिद्धू अपने काम बोलकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बलबीर सिंह सिद्धू को यह समझ लेना चाहिए कि शहर के लोग पहले से कहीं ज्यादा जागरूक हो चुके हैं और बलबीर सिंह सिद्धू बार-बार झूठ बोलना बंद कर दें।