नयागांव। इलाके का गांव कांसल सुखना कैचमेंट एरिया में आता है। यहां पर हाईकोर्ट की ओर से कोई भी नया निर्माण करने पर रोक लगाई हुई है। लेकिन इसके बावजूद यहां पर अवैध निर्माण हो रहा है। सोमवार को नगर काउंसिल की टीम ने इलाके में हो रहे अवैध निर्माण गिराए।
नगर काउंसिल ने इलाके में जगह-जगह नोटिस बोर्ड लगा रखे हैं। लेकिन लोग अवैध निर्माण करने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार को नगर काउंसिल की टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण गिराए। नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी वीरेंद्र जैन ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेशों के मुताबिक इस इलाके में निर्माण करना मना है, फिर भी लोग नहीं मान रहे हैं। लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि यहां पर अवैध निर्माण न करें। अगर कोई व्यक्ति करता है, तो निर्माण ध्वस्त किया जाएगा। साथ ही हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना का मामला भी दर्ज किया जाएगा।