मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी (सीयू) में पढ़ने वाले एक छात्र ने पानी की टंकी के ऊपर चढ़ वहां से छलांग लगा दी। छात्र की मौत हो गई है। मृतक सुमित हरियाणा के बहादुरगढ़ का रहने वाला था।
मोहाली के घड़ूआं स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के एक छात्र ने आत्महत्या की है। छात्र ने पानी की टंकी के ऊपर से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र सुमित चिकरा हरियाणा के बहादुगढ़ का रहने वाला था। सुमित अपने माता-पिता का इकलौता था। वह खरड़ के गांव खानपुर की मॉडर्न सिटी सेंटर कांप्लेक्स में दोस्तों के साथ पेइंग गेस्ट (पीजी) में रहता था। बेटे की मौत की खबर सुन परिवार वाले सदमे में हैं।
विज्ञापन
सुमित चिकरा के पानी की टंकी से छलांग लगाने के बाद उसके दोस्त उसे गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल खरड़ लेकर आए थे। उसकी दोनों टांगें टूट गई थी और टांगों की हड्डियां बाहर निकल आई थी। ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों ने जांचके बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सुमित चिकरा सीयू में बीबीए की पढ़ाई कर रहा था।
अस्पताल में लेकर दोस्त आदित्या और वैभव ने बताया कि सुमित कुछ दिनों से पैसों के लेनदेन को लेकर परेशान चल रहा था। मंगलवार को सुमित अचानक मॉर्डन सिटी सेंटर में बनी पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया और उसने टंकी से छलांग लगा दी। उसके छलांग लगाने के बाद दोस्त उसे अस्पताल ले गए, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। इस हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार वाले हरियाणा से खरड़ पहुंच रहे हैं। अस्पताल की तरफ से मृतक के शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा कर हादसे की सूचना पुलिस को दे दी है।