संवाद न्यूज एजेंसी
लालड़ू। एक व्यक्ति की जमीन की धाखे से रजिस्ट्री करवाने के आरोप में पुलिस ने आईपीसी 419, 420, 465, 467, 468, 471 और 120 बी के तहत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान गुरजिंदर सिंह वासी गांव कजहेड़ी, चंडीगढ़, विक्रम सिंह वासी गांव लाहौरा चंडीगढ़, परमार सिंह नंबरदार गांव लालड़ू और हरविंदर सिंह वासी कारकौर थाना डेराबस्सी के तौर पर बताई है। सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
पुलिस को दिए बयान में प्रणव अग्रवाल पुत्र प्रिंस मोहन अग्रवाल वासी वेस्ट शालीमार बाग, दिल्ली ने बताया कि उसने 7 दिसंबर और बाद में 27 दिसंबर को जिला पुलिस को एक शिकायत दी थी। इस शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके गांव घोलूमाजरा थाना लालड़ू में प्राइमा केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी है। उसके साथ उनकी सात बीघा 6 बिसवा जमीन है। आरोपियों ने मिलकर उनकी गलत तरीके से रजिस्ट्री करवा के उनके साथ धोखाधड़ी की है। प्रणव की शिकायत की पड़ताल डेराबस्सी की एएसपी ने की। इसके बाद एसपी ने मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए, जिस पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।