जीरकपुर। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में एक महिला सहित चार बाउंसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चारों में से एक प्रीत नामक व्यक्ति पर तीन अन्य लोगों के साथ साहिल नरूला की हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। यह कार्रवाई जीरकपुर के वीआईपी रोड स्थित पाम कोर्ट सोसाइटी में रहने वाले साहिल नरूला की पत्नी हरलीन बेदी के बयान के बाद की गई है। पुलिस ने सभी बाउंसरों के खिलाफ जीरकपुर थाने में बीएनएस की धारा 109, 308(4), 309(4), 115, 126(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। सभी बाउंसर फिलहाल भागे हुए हैं।
पुलिस को दी गई शिकायत में हरलीन बेदी ने बताया कि होली के दिन वह और साहिल सहकर्मी कुलविंदर कौर के साथ एक स्थानीय रिसॉर्ट में होली समारोह में शामिल होने गए थे। रिसॉर्ट के गेट पर पहुंचने पर एक महिला बाउंसर ने दोनों महिलाओं को रोका और कुलविंदर कौर से पूछा कि क्या वह उसे पहचानती है। बाउंसर ने कहा कि वह कुलविंदर और उसकी मां को जानती है। उनसे शिकायत करेगी कि वह उनकी जानकारी के बिना जीरकपुर में घूम रही है।
हरलीन ने हस्तक्षेप किया और अपनी सहेली के साथ महिला बाउंसर के व्यवहार पर आपत्ति जताई। इस पर महिला बाउंसर ने हरलीन को गाली देनी शुरू कर दी। साहिल भी गेट पर आ गया और महिला बाउंसर को अपनी पत्नी से बहस करते देख बीच-बचाव करने लगा। महिला बाउंसर नहीं रुकी और तीन और बाउंसर मौके पर आ गए। हाथापाई में साहिल को गंभीर चोटें आईं। बाउंसरों ने साहिल के सिर पर ईंट से वार किया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज हुआ और अगले दिन उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।