जीरकपुर। एयरपोर्ट रोड पर गांव छत लाइट पाॅइट के नजदीक पहलवान ढाबे के पास एक लोडेड कैंटर का टायर अचानक फट गया। इससे अनियंत्रित होकर कैंटर सड़क किनारे बने सीमेंट के बीम से जा टकराया। इससे ड्राइवर का केबिन अलग हो गया और 40 साल के मनोज शर्मा निवासी सोनीपत की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कैंटर की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद कैंटर की बॉडी लोडेड डाले से अलग हो गई थी। इससे सामने वाली बॉडी का दबाव चालक पर आने से चालक स्टेयरिंग के नीचे पिचक गया।
इसके बाद केबिन के दरवाजे लॉक हो गए और लोगों ने हाइड्रा मशीन मंगवाई और कटर मशीन से दरवाजे काटकर बॉडी को बाहर निकाला। सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) में तैनात मुलाजिम सुनील कुमार ने बताया कि उन्हें शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने से पहले लोगों ने चालक की बॉडी को बाहर निकाल लिया था। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। मुलाजिम सुनील के बताने अनुसार मृतक के भाई को सूचना दे दी है। उसके बाद कि अगली कार्रवाई की जाएगी।
कैंटर में भरा था चूना
बताया जा रहा है कि कैंटर चालक मनोज बाला जी ट्रांसपोर्ट के लिए काम करता था। वह दोपहर हरियाणा से कैंटर लोड करके लाया था और मोहाली जाना था। इसी दाैरान लोटस ग्रीन उत्सव सोसाइटी के नजदीक पहलवान ढाबे के पास यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कैंटर की रफ्तार तेज थी और अचानक टायर फटने से य हादसा हुआ है।