मोहाली। नए सेक्टरों के लोगों को अब टूटी सड़कों की वजह से परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। नगर निगम का सारा ध्यान अब नए सेक्टरों की सड़कों पर लग गया है। वीरवार को 2.75 करोड़ रुपये से सेक्टर-77 में सड़कों का काम शुरू करवाया गया। इस मौके पर मेयर अमरजीत सिंह सिद्धू, डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी और पार्षद सुच्चा सिंह कलौड़ हाजिर रहे।
उन्होंने प्रोजेक्ट पर काम कर रहे ठेकेदार व अधिकारियों को हिदायत दी है कि इस काम में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। खामियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर डिप्टी मेयर ने बताया कि यह सेक्टर-76 से 80 पहले गमाडा के अधीन आते थे। कुछ समय पहले ही यह नगर निगम के अधीन आए हैं। ऐसे में नगर निगम की पूरी कोशिश है कि इलाके का उचित तरीके से विकास करवाया जाए। इसके तहत रोड नेटवर्क से लेकर पार्क तक विकसित किए जा रहे हैं। उक्त एरिया की सड़कों के लिए विशेष तौर पर पौने तीन लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सड़कों को इस तरह बनाया जाएगा कि वे जल्दी टूट न सकें। इसके अलावा बरसात के दिनों में भी सड़कों को नुकसान न हो। पानी की निकासी उचित तरीके से हो। सड़कों के लेवल का पूरा ध्यान रखा जाएगा। अगर कहीं दिक्कत सामने आती है तो उसे पहले सुधारा जाएगा। इस मौके पर विक्टर निहोल्का, महासचिव जरनैल सिंह, प्रधान सुरिंदर सिंह, नरिंदर सिंह हाजिर रहे।