जीरकपुर। एक रिहायशी फ्लैट में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता राजविंदर कौर निवासी सुषमा ग्रैंड जीरकपुर ने एसएसपी मोहाली को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपियों ने उनके घर में जबरन प्रवेश कर उनके बेटे के साथ मारपीट की और घर का सामान तोड़ा।
शिकायत के अनुसार उनके बेटे दलवीर सिंह की शादी नवंबर 2024 में हरप्रीत कौर से हुई थी। शादी के बाद पारिवारिक विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि बहू हरप्रीत कौर उन पर फ्लैट बेचकर नया मकान लेने और महंगी गाड़ी दिलाने का दबाव बना रही थी। मना करने पर वह उन्हें झूठे दहेज केस में फंसाने की धमकी देती थी। कुछ समय बाद वह अपने मायके चली गई। राजविंदर कौर ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे हरप्रीत कौर की बहनें मनप्रीत कौर और मनदीप कौर अपने रिश्तेदार अमरिंदर सिंह के साथ उनके फ्लैट में जबरन घुस आईं। आरोप है कि उन्होंने उनके बेटे के कमरे में जाकर गाली-गलौज की और उसके साथ मारपीट की।
इस दौरान घर में तोड़फोड़ भी की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दौरान उनके बेटे को लात-घूंसों से पीटा गया और गले से पकड़कर खींचा गया। पीड़िता का दावा है कि आरोपियों ने जाते समय जान से मारने और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।