सुपरवाइजर को भट्ठी में जिंदा जलाने के दोनों आरोपी तीन दिन के रिमांड पर
पैसों के लेनदेन के चलते आरोपियों ने 12 फुट गहरी धधकती भट्ठी में फेंक दिया था
संवाद न्यूज़ एजेंसी
लालड़ूा। गांव मलकपुर के ईंट-भट्ठे से लापता सुपरवाइजर अमित (40) निवासी गांव चेरिया प्रागपुर, जिला बेगूसराय, बिहार को जिंदा जलाने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को डेराबस्सी की अदालत में पेश किया। यहां से उनका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल हुआ है। आरोपियों की पहचान राजेश और दीपक के रूप में हुई है
इस मामले में एएसपी डॉ. दर्पण कौर आहलूवालिया ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में हत्या का कारण सुपरवाइजर अमित से पैसों का लेनदेन और आपस में गाली-गलौज करना बताया है। सुपरवाइजर नशे का आदी था और इस वारदात के दिन रविवार को आपसी तकरार के बाद गुस्साए दोनों आरोपियों ने सुपरवाइजर को पहले रॉड से मारकर बेहोश किया। इसके बाद उसे 12 फुट गहरी धधकती ईंट-भट्ठी में जिंदा फेंक दिया था। पुलिस ने मृतक सुपरवाइजर के शव की कुछ हड्डियां भट्ठी से निकालकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में रखवा दी हैं। सूत्रों के मुताबिक पहचान के लिए पुलिस हड्डियों को केमिकल लैब में भेजकर डीएनए टेस्ट भी करवा सकती है।