क्रेडिट कार्ड के नाम असिस्टेंट प्रोफेसर को लिंक भेजकर खाते से उड़ाए 7.70 लाख
तीनों बैंकों के खातों से शातिर ठग ने निकलवाए पैसे, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। ऑनलाइन ठगों ने खरड़ की एक महिला असिस्टेंट प्रोफेसर को बातों के जाल में फंसाकर उसके बैंक खाते से करीब 7.70 लाख रुपये उड़ा लिए। महिला को अपने साथ हुई इस ठगी का पता तब चला, जब उसके सभी बैंक खातों से पैसे निकल गए।
पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला की अस्सिटेंट प्रोफेसर टीना वर्मा निवासी-149, अमन सिटी खरड़ ने अपने साथ हुई इस ठगी की शिकायत साइबर क्राइम पुलिस मोहाली में दर्ज करवाई है। टीना वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड कोरियर कंपनी के जरिये आना था। इसके लिए उन्होंने गूगल पर ब्लू डार्ट कंपनी का फोन नंबर ढूंढकर उस पर कॉल की तो फोन पर दूसरी ओर से बोलने वाले व्यक्ति ने एक अन्य नंबर देकर उस पर बात करने को कहा। टीना ने दूसरे नंबर पर फोन कर क्रेडिट कार्ड की स्थिति जानना चाही तो दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने एक लिंक भेजकर उसमें पांच रुपये भेजने को कहा। टीना ने जब पांच रुपये भेजने से मना कर दिया तो दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने उसे और बातों में उलझाकर एक यूपीआई पिन के जरिये पांच रुपये भेजने को कहा। टीना ने उसकी बातों में आकर 10 अप्रैल को पांच रुपये भेज दिए।
इसके बाद अपने साथ हुई ठगी के बारे में टीना को अगले दिन तब पता चला, जब उसके पीएनबी बैंक खाता से 6,01,996 रुपये और स्टेट बैक ऑफ इंडिया के अन्य खातों से 99,999 रुपये, 20 हजार रुपये और 45 हजार और तीन हजार रुपये निकल गए। साइबर क्राइम की सब-इंस्पेक्टर रूपिंदर कौर ने इस केस की जांच में पाया कि टीना के खातों से निकले पैसे निजी बैंक की एक शाखा में जमा हुए हैं। साइबर क्राइम की जांच के बाद खरड़ सिटी पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।