सीसीटीवी में कैद छीनाझपटी के आरोपी। संवाद
मोहाली। एयरोसिटी क्षेत्र में सुबह 6.40 बजे बस का इंतजार कर रही एक महिला डॉक्टर से दो झपटमार सोने की चेन लेकर भाग गए। बाइक पर आए आरोपियों में से एक ने हेलमेट पहना था, जबकि दूसरे ने पीले रंग के परने से मुंह ढका हुआ था। महिला डॉक्टर के घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों आरोपी वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। महिला डॉक्टर ने इस मामले की शिकायत एयरोसिटी पुलिस को दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरु कर दी है।
एयरोसिटी ब्लॉक-सी के मकान नंबर -2357 में रहने वाली अर्चना जैन ने बताया कि वह मुलाना युनिवर्सिटी में डॉक्टर है। सोमवार सुबह वह काम पर जाने के लिए घर के बाहर बस का इंतजार कर रही थी। घर से मात्र 100 मीटर की दूरी पर वह बस के इंतजार में टहल रही थी। उसी दौरान काले रंग की बाइक पर दो युवक आए। उन्होंने पहले उसके इर्द-गिर्द बाइक घुमाई और फिर पीछे बैठे युवक ने उसकी गर्दन को दबोच लिया। अर्चना ने बताया कि एक आरोपी ने किसी कटर जैसी चीज से उसने दो तोले की चेन काटी। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर ली है।