लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर झरमड़ी के निकट तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक सहित भाग गया। पुलिस ने मृतका की पहचान सोनिया पत्नी रवि, निवासी भगत सिंह कॉलोनी, वार्ड नंबर 9, बरवाला रोड डेराबस्सी के रूप में की है।
मामले की जांच कर रहे एसआई राजिंदर सिंह ने बताया कि मृतका के पति रवि ने शिकायत दी कि वह अपनी पत्नी के साथ बाइक पर अंबाला की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे झरमड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को इलाज के लिए गांव सद्दोपुर स्थित एमएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोनिया की मौत हो गई, जबकि रवि का इलाज जारी है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच अधिकारी ने बताया कि ट्रक का नंबर नोट कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।