लालडू के गांव ज्योली से मलकपुर लिंक सड़क पर एक मिट्टी से भरे टिप्पर के नीचे आने से मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान भीम (20) के तौर पर बताई जा रही है। वह डेढ़ महीने पहले मुजफ्फरपुर से यहां स्थित एक ईंटों के भट्ठे पर ट्रैक्टर ड्राइवर के तौर पर काम करने के लिए आया था। भीम बाइक से किसी काम से निकट के दूसरे भट्ठे पर जा रहा था।
युवक की मौत के बाद भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मजदूरों ने रोष जताते हुए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि जब तक मृतक के परिजन नहीं आते, वे शव को नहीं उठाने देंगे। जब पुलिस शव को उठाने लगी तो सभी ने पुलिस पर चारों तरफ से भट्ठे पर पड़े रोड़े बरसा दिए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शव को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में पहुंचाया।