मोहाली। थाना फेज-11 के अधीन आते एरिया में एक निजी बैंक अधिकारी का मोटसाइकिल सवार युवकों ने लैपटॉप बैग झपट लिया। बैग में लैपटॉप, क्रेडिट कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। हालांकि अभी तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है।
सेक्टर-48 निवासी विशाल मान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह सेक्टर-26 चंडीगढ़ में एक निजी बैंक में रीजनल हेड हैं। 13 अप्रैल को एयरपोर्ट से चंडीगढ़ वापस आ रहे थे। इस दौरान वह आइशर लाइट प्वाइंट पर बस से उतर गए। इस दौरान वहां बाइक सवार पर तीन नौजवान आए और उसका बैग जबरदस्ती छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, पांच क्रेडिट कार्ड और जरूरी सामान था।
एयरपोर्ट पर पुलिस चौकी न होने का फायदा उठा रहे अपराधी
एयरपोर्ट रोड पर कोई पुलिस चौकी नहीं है। इसके अलावा पुलिस की हाजिरी भी कम रहती है। इसी चीज का फायदा अपराधी किस्म के लोग उठाते हैं। इससे पहले इसी रोड पर लिफ्ट के बहाने गोली मारकर कार लूटने का मामला सामने आ चुका है।