नया गांव के लोग 24 घंटे से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। इलाके के कई एरिया में अंधेरे में डूबे हुए है। इससे पानी सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। घरों में लगे इंवर्टर भी जवाब दे गए है। लोग इस बारे में लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है। इलाके के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर यही स्थिति आगे रही तो संघर्ष किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, नया गांव के कुछ एरिया में 24 तो कुछ इलाकों में सोमवार सुबह से लाइट गुल है। इससे लोगों का जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों का कहना है कि जैसे ही मौसम खराब हुआ था, उसके बाद से लाइट गुल हो गई थी। समाजसेवी महिंदर शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे से कट लगा हुआ है। हालात काफी खराब हो गए हैं। अमरजीत सिंह का कहना है कि लाइट गुल होने के कारण पानी भी नसीब नहीं हो रहा है। गर्मी के कारण बच्चों को घरों के अंदर रोकना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि इस बारे में बिजली विभाग के कंट्रोल रूप में कई बार शिकायत की, लेकिन उसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि पावरकाम के अधिकारी अब तो फोन भी नहीं रिसीव कर रहे हैं।