मोहाली। फेज-8-9 के लाइट प्वाइंट पर रात्रि कर्फ्यू के दौरान लगे नाके एक फॉर्च्यूनर कार सवार ने जानबूझकर पुलिस मुलाजिमों को कुचलने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी बैरिकेड त़ोड़कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस मुलाजिमों का बचाव हो गया। पुलिस ने सब इंस्पेक्टर ओम प्रकाश की शिकायत पर हरियाणा नंबर की गाड़ी के अज्ञात चालक के खिलाफ रात्रि कर्फ्यू तोड़ने, रैश ड्राइविंग और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस थाना फेज-8 में दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक 28 अप्रैल की रात को पुलिस ने फेज 8-9 की लाइटों पर रात्रि कर्फ्यू के तहत एक स्पेशल नाका लगाया हुआ था। तभी चंडीगढ़ साइड से एक तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की सफेद रंग की फॉर्च्यूनर आई। नाके पर मौजूद पुलिस मुलाजिमों ने चालक को टार्च से इशारा कर कार रोकने को कहा। लेकिन चालक ने बड़ी तेजी से कार चढ़ाने की कोशिश की और साइड से बैरिकेडिंग तोड़कर मौके से फरार हो गया।