बनूड़। शुक्रवार की रात बनूड़ के गुग्गा माड़ी मैदान के नजदीक यूको बैंक के एटीएम के ताले तोड़कर चार अज्ञात युवकों ने गैस कटर से एटीएम को काटकर कैश लूटने की कोशिश की। लेकिन वह एटीएम को काटने में नाकाम रहे और बैंक का नुकसान होने से बच गया। इस मामले में यूको बैंक की बनूड़ ब्रांच के मैनेजर मुकेश कुमार ने बताया कि वह हर रोज की तरह सुबह साढ़े 9 बजे बैंक में पहुंचे तो उन्होंने शटर के ताले टूटे हुए देखे। जब उन्होंने शटर उठाकर देखा तो चोरों ने गैस कटर से एटीएम को काटने की कोशिश की हुई थी। लेकिन वह नाकाम रहे और एटीएम में रखा कैश सही सलामत बच गया। उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दे दी।
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो देखा कि मुंह ढके हुए चार युवक एक सफेद रंग की ब्रीजा कार में सुबह 2.30 बजे एटीएम के पास पहुंचे और शटर के ताले तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने आधा घंटे तक गैस कटर से एटीएम को काटने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रहे। इससे मशीन में रखा कैश बच गया और नाकाम होने पर वह कार में बैठकर चले गए।
इस संबंधी बनूड़ थाने के प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपी युवक पकड़े जाएंगे। बता दें कि यह यूको बैंक घनी आबादी में स्थित है। इसके बावजूद ऊपरी मंजिल में रहने वाले लोगों को भी इसकी भनक तक नहीं लगी।