खरड़। आशा वर्करों और फैसिलिटेटरों ने विभाग में स्थायी नहीं करने और अन्य मांगों को पूरा नहीं करने के विरोध में वीरवार को सरकार के खिलाफ खरड़ में महा रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान बस स्टैंड चौक पर धरना देकर खरड़-लुधियाना, खरड़-बनूड़ और खरड़-रोपड हाईवे जाम कर दिया। यूनियन की राज्य प्रधान किरणदीप कौर पंजोला ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर अब तक सरकार के साथ 12 मीटिंग हो चुकी हैं। इन मीटिंग में उन्हें आश्वासन देते हुए यही कहा जाता रहा है कि तीन दिन तक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कर्मचारी यूनियन की ओर से सरकार को पांच दिन का समय दिया गया था। लेकिन सरकार की ओर से नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। इसके विरोध में वीरवार को पंजाब के अलग-अलग जिलों से खरड़ में पहुंचीं आशा वर्करों और फैसिलीटेटरों की ओर से काली झंडी और काली चुन्नी लेकर महां रैली की गई है। इस अवसर पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार जब तक उनकी मांगों को पूरा करते हुए अधिवेशन जारी नहीं कर देती, तब तक यह धरना जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वीरवार को सुबह से ही प्रशासन और पुलिस अधिकारी स्वास्थ्य मंत्री के साथ मीटिंग करवाने का आश्वासन देते रहे। लेकिन उन्हें मीटिंग का समय नहीं दिया गया। सरकार उन्हें भत्ता भी नहीं दे रही है। हम हरियाणा सरकार की तर्ज के आधार पर अधिवेशन की मांग करते आ रहे हैं। आज सुबह से ही आशा वर्कर और फैसिलीटेटर म्यूनिंसिपल पार्क खरड़ में इकट्ठी होनी शुरू हो गई थी और दोपहर के समय उन्होंने वहां रोष रैली की।
वहीं, पुलिस की ओर से पुरानी मोरिंडा रोड पर कई जगह बड़े बड़े बैरिकेंड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। लेकिन आशा वर्करों और फैसिलीटेटरों के आगे पुलिस के प्रबंध फेल हो गए। पुलिस के लगाये गए बैरिकेंड्स को तोड़ते हुए प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते गए और हाईवे पर रोष धरना देकर यातायात जाम कर दिया। भारतीय किसान यूनियन उगरांहा के पटियाला और श्री फतेहगढ़ साहिब से बड़ी संख्या में किसानों ने इस रोष धरने में पहुंच कर प्रदर्शनकारियों को समर्थन दिया।
यूनियन के वरिष्ठ उप प्रधान करनैल सिंह लंग ने कहा कि उन्होंने दो दिन पंजाब के डीसी दफ्तरों का घेराव करके पंजाब सरकार को झुकने पर मजबूर कर दिया था। इसके बाद पंजाब सरकार ने किसानों की मांगों को माना है। उन्होंने कहा कि वह आशा वर्करों और फैसिलीटेटरों की जायज मांगों को देखते हुए यूनियन को हर संभव सहायता देगें।
इस अवसर पर उन्होंने पुलिस द्वारा रैली से पहले अलग-अलग जगहों पर लगाए गए बैरिकेड्स को लेकर पुलिस और प्रशासन की कड़ी निंदा की। रैली और अमन कानून को लेकर खरड़ के डीएसपी गुरचरण सिंह, डीएसपी मनजीत सिंह, डीएसपी मनवीर सिंह बाजवा, थाना सिटी खरड़ के एसएचओ विजय कुमार और थाना सदर खरड़ के एसएचओ अशोक कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला पुलिस बल तैनात की गई थी।