मोहाली। एक ओर जहां गर्मी बढ़नी शुरू हुई तो वहीं दूसरी ओर विभाग ने बिजली के लंबे-लंबे कट लगाने शुरू कर दिए हैं। इससे लोग भीषण गर्मी में परेशान हो रहे हैं और घरों में पंखे आदि न चलने से बच्चों और बुजुर्गों की नींद खराब हो रही है। इस तरह लोगों पर दोहरी मार पड़ रही है, क्योंकि कई घंटे बिजली गुल रहने से लोगों के पसीने छूट रहे हैं।
शहर और आसपास के इलाकों में बिजली न आने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। इसलिए लोगों में हाय तौबा मची हुई है। मोहाली जिले में कई जगह आधे घंटे से लेकर एक-दो घंटे के ज्यादा समय तक कई इलाकों में बिजली कट लगने से लोगों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक ओर जहां तापमान बढ़ता जा रहा है, वहीं, बिजली कट की समस्या भी बढ़ती जा रही है। खरड़ के न्यू सन्नी एनक्लेव में सोमवार की रात करीब एक घंटे का अवैध कट लगने से काफी दिक्कत आई। वहीं, मोहाली के साथ लगते गांव बड़माजरा, जुझार नगर समेत कईं इलाकों में भी अवैध बिजली कटों से लोग परेशान होते रहे। गांव बड़माजरा निवासी पवन कुमार ने बताया कि रात के समय लग रहे अवैध बिजली कट से काफी परेशानी आ रही है। सन्नी एनक्लेव सेक्टर-125 निवासी मनु शर्मा ने कहा कि एक तो पहले ही गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है, ऊपर से बिजली कट के कारण समस्या ओर बढ़ती जा रही है। सुबह के समय बिजली कट लगने से दिक्कत नहीं आती, जितनी रात के समय लगने से आ रही है।
रोजाना आ रहीं सैकड़ों शिकायतें
बिजली विभाग की ओर से जिले के लिए बनाए गए शिकायत दर्ज करने वाले कॉल सेंटर में रोजाना सैकड़ों शिकायतें आ रही हैं। लेकिन इसके बावजूद समस्या से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पावरकॉम में कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण फीडरों और ट्रांसफार्मरों में लोड ज्यादा बढ़ रहा है, इससे फाल्ट आ जाता है और उसे ठीक करने व ढूंढने के लिए समय लग रहा है। जिस कारण यह समस्या आ रही है।