मोहाली। पंजाब सरकार ने युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के फेज-2 के तहत जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। अभियान के तहत जिला को-ऑर्डिनेटर गुरजीत मामा मटौर के नेतृत्व में मोहाली के 17 गांवों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के दौरान जुझार नगर, बलियाली, चाउमाजरा, दैहड़ी, जगतपुरा, बाकरपुर, भागोमजारा सहित अन्य गांवों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देने के लिए विभिन्न गांवों में पैदल यात्राएं भी निकाली गईं।
अभियान के दौरान लोगों को सरकार द्वारा तस्करी और नशे से जुड़ी गतिविधियों की सूचना देने के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। गुरजीत मामा मटौर ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया। अभियान के दौरान लोगों को यह भी समझाया गया कि यदि कहीं नशा तस्करी या नशे का अवैध कारोबार नजर आए तो बिना डर प्रशासन को सूचित करें। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने और समाज को सुरक्षित बनाने की शपथ ली।