मोहाली में जल्द बनेगा अंबेडकर भवन
- फोटो : अमर उजाला
शहर में जल्द ही डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण किया जाएगा। साथ ही वहां पर बाबा साहेब का बुत भी स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने दी। वह शदीद ऊधम सिंह भवन में डॉ. बीआर अंबेडकर के जन्म दिवस के मौके करवाए गए समागम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहिब डॉ. बीआर अंबेडकर ने जहां देश के हर नागरिक को बराबरी का अधिकार दिलवाया है, वहीं उन्होंने दलितों, पिछड़े वर्गों व गरीब लोगों को जागरूक करने के लिए भी विशेष योगदान दिया है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि अंबेडकर की सोच को घर-घर पहुंचाने के लिए गांव व वार्ड स्तर पर सोसाइटियों का गठन किया जाएगा।
उन्होंने मुस्लिम विंग मोहाली, मुस्लिम यूथ विंग मोहाली, डॉ. भीमराव अंबेडकर वेलफेयर मंच मोहाली के मेंबरों को नियुक्ति पत्र बांटें। समागम को अल्पसंख्यक व दलित फ्रंट पंजाब के प्रधान हरवेल सिंह माधोपुर, जिला प्रधान एससी विंग शिरोमणि अकाली दल दिलबाग सिंह, बाबू कांशीराम के भतीजे बलविंदर सिंह, हरिंदर सिंह, अमर सिंह, केसर सिंह सनेटा भी समागम को संबोधित किया। समागम में अकाली दल शहरी के प्रधान परमजीत सिंह काहलो, पूर्व प्रधान जसवंत सिंह भुल्लर, अकाली दल के वीसी विंग के जिला प्रधान गुरमुख सिंह सोहल, एससी विंग सर्किंग माजरी के प्रधान हरजीत सिंह, सुरिंदर सिंह, सखण सिंह और नछत्तर सिंह मौजूद रहे।