इंडस्ट्रियल एरिया में रहने वाले लोगों को अब टूटी हुई सड़कों के चलते परेशान नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा इलाके में खराब मौसम एवं रात के समय होने वाले हादसों पर भी लगाम लगेगी।
सालों बाद नगर निगम ने इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों को सुधारने की दिशा में काम शुरू किया है। पहले चरण में फेज-6 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों को नए सिरे से तैयार किया जा रहा है।
नगर निगम ने सड़कों की री-कारपेटिंग का काम एक प्राइवेट कंपनी को सौंपा है। कंपनी के मुलाजिमों ने मंगलवार को प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया।
इस दौरान फेज-6 इंडस्ट्रियल एरिया में नए बन रहे बस स्टैंड के साथ लगते हिस्से में सड़कों की मरम्मत का काम किया गया। सड़कों में कई फुट गहरे गड्ढे हैं।
इसके चलते सारी सड़क को मिट्टी डालकर समतल किया जा रहा है। जैसे ही यह काम पूरा होगा, वैसे ही सड़क की मजबूती के लिए ईंटें डाली जाएंगी।
आखिरी में लुक से रीकॉरपेंटिंग की जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों द्वारा भी काम की निगरानी की जाएगी। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों के बनने से इलाके के लोगों व कंपनियों को काफी फायदा होगा, क्योंकि इसी इलाके में टाटा समेत कई बड़ी कंपनियों के शोरूम स्थापित है।
गौरतलब है कि इलाके में कई सालों से सड़कों की मरम्मत नहीं हुई थी। इसके चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी। नगर निगम ने मानसून से पहले सड़कों के एस्टीमेट तैयार करवाकर वर्क आर्डर जारी किए थे।
नए बस स्टैंड ने खोली सड़क की किस्मत
प्रशासन नए बस स्टैंड को जल्दी से जल्दी शुरू करने की तैयारी में है। बस स्टैंड के साथ लगते हिस्से की सड़कों को तैयार किया जा रहा है। इंडस्ट्रियल एरिया की जिस सड़क पर काम शुरू किया गया है। यह सड़क सीधे ही बस स्टैंड की पार्किंग में पहुंचती है।
गायत्री शक्तिपीठ से बस स्टैंड तक की सड़क होगी चौड़ी
दूसरी तरफ गमाडा ने गायत्री शक्ति पीठ से लेकर न्यू-बस स्टैंड तक की सड़क को चौड़ा करने की दिशा में काम शुरू किया है। इसके साथ ही सड़क के दोनों तरफ ड्रेनेज लाइन डाली जा रही है। जैसे ही यह काम खत्म होगा। उसके बाद सड़क पर लाइट लगाने का काम हो जाएगा।
पीसीए के पड़ोस में भी सड़कों की री-कॉरपेटिंग शुरू
दूसरी तरफ फेज-9 स्थित पीसीए स्टेडियम के बैक साइड में भी सड़कों की री-कॉरपेटिंग का काम शुरू हो गया है। मंगलवार को पूरा दिन कई मुलाजिम व मशीनें काम में जुटी रहीं। वैसे तो यहां पर सड़कों का काम होना ही था, लेकिन इसी महीने स्टेडियम में एक इंटरनेशनल मैच होने वाला है। इस कारण काम को पहले ही किया जा रहा है।