मोहाली। जिले में अवैैध खनन का काला कारोबार काफी समय से धडल्ले से चल रहा है। प्रशासन के ढीले रवैये के बाद मुल्लांपुर के माजरी ब्लॉक एरिया में 12 दिनों से लोग रात को धरने पर बैठ रहे हैं। जिसका नतीजा यह हुआ है कि वहां से रात के समय रेत या बजरी से भरी हुई गाड़ी नहीं जा रही है।
लेकिन खाली ट्रक धड़ल्ले से निकल रहे हैं। लोगों द्वारा रात के समय वहां से गुजरने वाली सभी गाड़ियों का रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है। वहीं, लोगों ने साफ किया है कि वह अपने एरिया में काला कारोबार नहीं चलने देंगे। इसके लिए उनकी जंग जारी रहेगी। हालांकि वह इस संबंध में पुलिस, प्रशासन को कई बार आगाह चुके हैं। अधिकारियों द्वारा खनन रोकने के दावे भी किए जाते हैं, लेकिन यह काम लगातार जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक ब्लॉक माजरी के अधीन आते गांव अभिपुर में 14 सितंबर से लोग अवैध खनन के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। लोगों की ओर से रात के समय इलाके की सड़क पर धरना दिया जाता है। साथ ही वहां से खनिज, रेत या बजरी से भरे ट्रकों को जाने नहीं दिया जाता है। इस बारे में इस धरने की अगुवाई करने वाले राम सिंह का कहना है कि धरने के बावजूद भी खनन का काम चल रहा है। हालांकि खनन माफिया ने अब वाहनों का रूट बदल दिया है। यह लोग खाली ट्रक उनके इलाके से लेकर गुजरते हैं। लेकिन भरे हुए ट्रक अन्य एरिया से निकाले जा रहे हैं। इलाके के लोगों ने आशंका जताई है कि इसमें खनन विभाग से जुड़े हुए लोग भी शामिल हैं। क्योंकि उनकी तरफ से इस संबंध में बाकायदा ट्रकों के नंबर तक दिए गए थे। लेकिन इसके बाद भी इन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। जबकि ट्रक शहर की सड़कों से गुजर रहे हैं। लेकिन इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही हैै। उन्होंने बताया कि इसी मामले को लेकर सोमवार को प्रशासन के अधिकारियों से मिलेंगे। इसके साथ ही इस दिशा में उचित कार्रवाई की गुहार लगाएंगे। बता दें कि कुछ समय पहले इन्हीं गांव वालों ने कुछ लोगों को काबू किया था। जिसके बाद इस संबंध में केस तक दर्ज हुआ था।