मोहाली। शहर के लोगों को अब रात के समय अंधेरे में सड़कों पर सफर नहीं करना पड़ेेगा। नगर निगम ने सड़कों पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट्स को सुधारने का काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में चंडीगढ़ साइड से आने वाली सड़क और एंट्री प्वाइंटों पर लगी लाइटों को सुधारा जा रहा है। ताकि लोगों की आवाजाही आसान हो। इसके अलावा पेड़ों की प्रूनिंग का काम भी जोरों से किया जा रहा है।
नगर निगम के अधीन आते 50 वार्डों और 6 गांवों में गुजरात की तर्ज पर एलईडी लगाई गई हैं। इनका सबसे ज्यादा फायदा यह होता है कि किसी भी मौसम में इनकी लाइट आसानी से जमीन तक पहुंच पाती है। दूसरा, इससे बिजली बिल भी कम आता है। शहर के वेरका चौक से लेकर एयरपोर्ट रोड तक लाइटस लगाई है। नगर निगम ने यह काम एक निजी कंपनी को सौंपा हुआ है। लेकिन कोरोना काल में लगे कर्फ्यू आदि में शरारती तत्वों ने सीमावर्ती एरिया में लगी एलईडी लाइटों को काफी नुकसान पहुंचाया था। कई जगह लाइटों को तोड़ दिया गया था। जबकि कुछ जगह से तो लाइटस को खोलकर ले गए थे। फर्नीचर मार्केट से डीसी आफिस जाने वाली सड़क पर सबसे ज्यादा दिक्कत आ रही थी। इस संबंधी लोगों द्वारा नगर निगम को शिकायत तक भेजी गई थी। जिसके बाद नगर निगम की टीम ने उक्त लाइटों को सुधारने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। निगम अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण में रोड की लाइटों को सुुधारा जा रहा है। इसके अलावा पार्कों में लगी लाइटों को भी दुरुस्त किया जाएगा। कोशिश यहीं है कि किसी को भी रात को आने-जाने में दिक्कत न उठानी पड़े।