मोहाली। सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया मुख्यालय की इमारत में आरपीजी (रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड) की मदद से किए गए धमाके के मामले में पुलिस लगातार एक के बाद एक आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा करने में जुटी हुई है। इसी कड़ी के तहत सोहाना थाना पुलिस निशान सिंह नामक आरोपी को फरीदकोट जेल से प्रोडक्शन वारंट पर यहां लेकर आई है। उसने आरोपियों को आरपीजी मुहैया करवाया था। पूछताछ के बाद पुलिस को कई सुराग मिलने की संभावना है। शनिवार को निशान सिंह को अदालत पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे नौ दिन के रिमांड पर भेजा है। मामले की पुष्टि सोहाना पुलिस थाना प्रभारी गुरजीत सिंह ने की है।
जानकारी के मुताबिक नौ मई की शाम करीब पौने आठ बजे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आए तीन नौजवानों ने सेक्टर-77 स्थित पंजाब पुलिस के खुफिया विभाग की बिल्डिंग में आरपीजी की मदद से हमला किया था। इस हमले में किसी की जान तो नहीं गई, लेकिन इसके तार पड़ोसी देश पाकिस्तान में बैठकर बब्बर खालसा ग्रुप को चलाने वाले रिंदा से जुड़े थे।
दूसरी ओर, इस मामले को लेकर पुलिस कई आरोपियों को राउंडअप कर चुकी है, जिनसे पुलिस की पूछताछ जारी है। शनिवार को फरीदकोट से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया निशान सिंह उसी जांच का हिस्सा है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरपीजी पाकिस्तान से ड्रोन की मदद से यहां पहुंचा था।