जानकारी के मुताबिक बलजीत चौधरी छात्र नेता भी रह चुका है। वह 16 से अधिक आपराधिक मामलों में भगौड़ा है। वह ट्राइसिटी में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। खरड़ में अकाउंटेंट के घर पर गोलियां चलाकर हमला कर वह फरार चल रहा था। इस दौरान गोलियां चलाते समय की उसकी वीडियो वायरल हुई थी। सेक्टर-32 चंडीगढ़ में भी उसने फायरिंग की थी। इसके अलावा सेक्टर-11 चंडीगढ़ में उस पर एक मॉडल से दुष्कर्म का केस भी दर्ज है। पुलिस का कहना है कि सभी राज्यों की पुलिस को अलर्ट भेजकर इसके बारे में जानकारी मांगी गई है।
चंडीगढ़ पुलिस को भी तलाश, अब लाएगी प्रोडक्शन वारंट पर
गैंगस्टर बलजीत चौधरी की काफी समय से चंडीगढ़ पुलिस को तलाश थी। चंडीगढ़ पुलिस कई बार इसको काबू करने के लिए कई जगह छापामारी कर चुकी है। लेकिन इस से पहले वह स्टेट ऑपरेशनल सेल के हाथ लग गया। हालांकि अब बलजीत को खरड़ थाना पुलिस अकाउंटेंट की हत्या में और चंडीगढ़ पुलिस मॉडल से दुष्कर्म के मामले में प्रोडक्शन वारंट पर लाने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
राजनेेताओं का चहेता
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बलजीत चौधरी पंजाब के राजनेताओं का भी चहेता है। वह कई नेताओं के साथ शादियों या समारोह में अपने साथियों के साथ देखा गया है। यहां तक कि जब खरड़ में बलजीत के हमले में घायल अकाउंटेंट की मौत हो गई थी और उसके खिलाफ केस दर्ज हो गया तो तब चर्चा थी कि वह राजनेता के सहारे सरेंडर की योजना में था।