मोहाली। घरेलू विवाद में थाने पहुंची महिला ने एएसआई से गाली-गलौच कर जहां हाथापाई की वहीं बीचबचाव कराने पहुंची महिला कांस्टेबल से अभद्र भाषा का प्रयोग कर धक्का-मुक्की की। घटना के बाद सोहाना थाना प्रभारी ने शालू को तत्काल गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। महिला शालू जगराओ गांव की रहने वाली है। सोहाना क्षेत्र में पीजी में रहकर प्राइवेट नौकरी करती है। शालू अपने पति के साथ चल रहे घरेलू विवाद के चलते पहले चिल्ड्रन और वुमन विभाग के डीएसपी के पास शिकायत दर्ज करवा चुकी है। इसी मामले में सोमवार को उसको बयान दर्ज करवाने के लिए थाने बुलाया गया था। मंगलवार को पुलिस ने शालू को जिला अदालत में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अदालत ने पुलिस की दलीलों के आधार पर उसे हिरासत में रखने का आदेश दिया है।
घरेलू विवाद में बयान दर्ज करवाने महिला शालू सोमवार को सोहाना थाने पहुंची थी। वहां ड्यूटी पर तैनात एएसआई मोहन लाल से झगड़ा करने लगी। देखते ही देखते मामला गाली-गलौच के बाद हाथापाई तक पहुंच गया। इसी बीच थाने में तैनात महिला पुलिस कर्मचारी बबली देवी ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग कर उससे भी धक्का-मुक्की की। इस दौरान थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बताया कि शालू के खिलाफ दस्तावेजी बयान और गवाहों के बयान भी लिए गए ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया को मजबूती प्रदान की जा सके। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं पुलिस कर्मियों और महिला अधिकारियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय हैं। सोहना थाना प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि वह पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा करेंगे और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई जारी रखेंगे। अधिकारियों और डयूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार को गंभीरता से लिया जाता है। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।