डेराबस्सी। पुलिस ने अवैध खनन की सूचना पर गुलाबगढ़ से बेहड़ा रोड पर गांव कूडांवाला में कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी समेत टिप्पर को जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
डेराबस्सी थाने के एसएचओ कुलबीर सिंह ने बताया जब पुलिस कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो एक जेसीबी ऑपरेटर और मिट्टी से भरे टिप्पर को चालक वहीं पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस जेसीबी और टिप्पर को जब्त करके थाने ले आई। इस मामले में गांव निवासियों में सुखविंद्र सिंह, रजिंद्र सिंह, परमजीत सिंह, जगजीत सिंह सहित अन्य ने पुलिस को बताया कि पहले तो अवैध खनन रात के अंधेरे में चलता था। लेकिन आजकल दिन में ही किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिट्टी से भरे टिप्पर यहां से दौड़ने के कारण उनके इलाके की सड़कें भी टूट रही हैं। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
कैपशन-डेराबस्सी के गांव कूडांवाला से पकड़ी जेसीबी व टिप्पर।