जीरकपुर। दिनदहाड़े चाकू दिखाकर लूट की वारदात का प्रयास करने का मामला सामने आया है। महिला की सूझबूझ और लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय अमरजीत और सुमित (34) दोनों निवासी मॉडर्न एन्क्लेव बलटाना के रूप में हुई है। दोनों को डेराबस्सी कोर्ट में पेश किया गया जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज है।
शिवा एन्क्लेव निवासी 54 वर्षीय धन्ना देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मौलीजागरां स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में हेल्पर के रूप में कार्यरत है। शुक्रवार को ड्यूटी से घर लौटते समय वह पीएनबी के पास पहुंची तो एक्टिवा सवार दो युवक उनके पास आए। पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर उनकी गर्दन पर रख दिया और कानों में पहनी सोने की बालियां उतारने की धमकी दी। सहमी महिला से आरोपियों ने सोने की दोनों बालियां छीन लीं और भागने लगे।
इसी दौरान धन्ना देवी ने हिम्मत दिखाकर एक आरोपी का नकाब खींच लिया। इससे वह नीचे गिर पड़ा। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाना जीरकपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।