जीरकपुर। विकास एवं पंचायत मंत्री हरियाणा कृष्ण लाल पंवार ने सड़क हादसे में घायल एक बाइक चालक को अस्पताल पहुंचाया और उसके परिजनों के आने तक घायल के पास बैठे रहे। हादसा वीरवार शाम चार बजे का है। एक बाइक चालक चंडीगढ़ से डेराबस्सी की तरफ जा रहा था। जैसे ही बाइक चालक जीरकपुर फ्लाईओवर के बीच में पहुंचा तो अचानक सामने एक गाय आ गई। उसको बचाने के चक्कर में बाइक चालक सड़क पर पंचायत मंत्री की गाड़ी के आगे गिर गया।
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने गाड़ी रोक कर बाइक चालक को उठाया और एक्सीडेंट की सूचना 112 नंबर पुलिस हेल्पलाइन पर दी। इसके बाद पंचायत मंत्री अपनी गाड़ी में घायल कमलजीत सिंह (48) निवासी शक्ति नगर डेराबस्सी को जीरकपुर के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। मौके पर पहुंचे एसएसएफ मुलाजिम इंदरजीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन कॉल आई थी। जब हम अस्पताल पहुंचे तो हरियाणा के पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार वहां मौजूद थे। डाॅक्टरों के बताए अनुसार घायल के सिर और बाजू में गुम चोट आई है। उसका इलाज अभी चल रहा है।