परीक्षा केंद्रों की चेयरमैन व वाइस चेयरमैन ने की चेकिंग
पीएसईबी की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं शुरू, कुछ स्थानों पर मिली खामियों को तुरंत किया दूर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की कक्षा 12वीं की परीक्षाएं शुक्रवार को शुरू हुईं। बोर्ड के चेयरमैन रिटायर्ड आईएएस मनोहर कांत व वाइस चेयरमैन बलदेव सचदेवा ने खुद परीक्षा केंद्रों की जाकर चेकिंग की। इस दौरान कुछ स्थानों पर खामियां भी मिलीं जिन्हें तुरंत सुधारा गया।
चेयरमैन ने सोहाना, मोहाली और डेराबस्सी में बनाए गए परीक्षा केंद्रों की जांच कर परीक्षार्थियों से बातचीत की। साथ ही जाना कि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी कोशिश परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाना है जिसके तहत ही सारे इंतजाम किए गए हैं। विद्यार्थियों को तीन घंटे जहां प्रश्नपत्र हल करने के लिए दिए जा रहे हैं, वहीं पंद्रह मिनट पेपर पढ़ने को दिए गए। दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष प्रश्नपत्र तैयार किए गए थे। साथ ही उन्हें प्रत्येक घंटे के बाद बीस मिनट का समय अतिरिक्त दिया गया।
बॉक्स
कंट्रोल रूम से रखी पूरे पंजाब में नजर
परीक्षा के लिए बोर्ड की तरफ से कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसमें तीन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह हर समय कंट्रोल रूम के माध्यम से परीक्षा केंद्रों पर नजर रखे हुए थे। बोर्ड के वाइस चेयरमैन बलदेव सचदेवा भी कंट्रोल रूम के संपर्क में रहे। उन्होंने डेराबस्सी, जीरकपुर, मोहाली स्थित परीक्षा केंद्रों में छापेमारी की।