ढकोली और बलटाना वासियों को मिलेगी जलभराव से निजात
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने किया जमीन के नीचे पाइपलाइन बिछाने का शिलान्यास
दो करोड़ रुपये की आएगी लागत, छह महीनों में काम पूरा करने का लक्ष्य
अश्वनी कुमार
जीरकपुर। ढकोली और बलटाना वासियों को शीघ्र ही बरसाती पानी की निकासी न होने से हो रही परेशानियों से निजात मिल जाएगी। रविवार को दो करोड़ रुपये की लागत से बरसाती पानी की निकासी के लिए जमीन के नीचे पाइपलाइन बिछाने का शिलान्यास कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपेंद्र ढिल्लों ने नगर काउंसिल अधिकारियों की मौजूदगी में किया। छह महीनों में काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर सतपाल शर्मा, मनीष, दीपक धीमान, गुरसेवक पूनिया, हरप्रीत ढकोली, हर्ष ऋषि, अनिल जैन, प्रवीन मित्तल, गुलशन अरोड़ा, रिटा. कर्नल मुख्तयार सिंह संधू, पूर्णचंद सैनी, लक्की नाभा, निक्कू सोढ़ी, एमई विनय महाजन, ईओ गिरीश वर्मा, एएमई-कम-एसडीओ वरिंदर कुमार, एसडीओ शैली गर्ग उपस्थित थे।
जानकारी के मुताबिक मानसून सीजन के दौरान पंचकूला के सेक्टर-21 के पानी का बहाव सीधा पास लगते गांव ढकोली में आ जाता है। इसका असर यह होता है कि इलाके की दो दर्जन से अधिक कालोनियां 2 से 3 फीट तक पानी से डूब जाती हैं। ऐसी स्थिति में यहां रहने वाले लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ता है।
कालोनाइजरों ने नालों को किया कवर
लोगों की मानें तो आज से दो दशक पहले यहां पानी निकासी के लिए नाला बना हुआ था लेकिन 2007 से 2017 के दौरान प्रापर्टी बाजार में आई तेजी के बाद कालोनाइजरों ने सस्ते दामों में जमीनें खरीदीं और कालोनियां काटकर तैयार कर दीं। इस दौरान नालों को कवर कर शोरूम बना दिए गए। जिससे बारिश के दिनों में पानी निकासी ठप हो गई। यही हाल सेक्टर-19 से सटे एरिया बलटाना का है, जिसके अधीन आने वाली करीब आधा दर्जन कालोनियों के लोग बरसाती पानी की वजह से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
एक लाख आबादी को मिलेगी राहत
पानी निकासी के लिए पाइनलाइन बिछाने के बाद इसका सीधा फायदा ढकोली और बलटाना की तीन दर्जन से अधिक कालोनियों में रहने वाली करीब एक लाख आबादी को होगा। ढिल्लों ने बताया कि ढकोली के अंदर 1.27 करोड़ की लागत से पाइपलाइन बिछाई जाएगी जिसमें पंचकूला बार्डर से लेकर गुरु नानक एनक्लेव तक का एरिया शामिल है। इसी तरह सेक्टर-19 पंचकूला से सटा बलटाना की विकास नगर, गोल्डन एनक्लेव एवं वधावा नगर आदि एरिया में पाइपलाइन पर 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
कोट्स
बारिश के सीजन में यहां रहने वाले लोगों का जीना दुभर हो जाता है, क्योंकि पानी तेज बहाव के साथ सड़कों से होता हुआ सीधा घरों के अंदर आ जाता है। इससे आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए कालोनी वासी कई बार इलाके के पार्षदों से मिले, जिन्होंने कभी इस ओर गंभीरता नहीं दिखाई।
-भूपिंदर सिंह मोंटू, निवासी ढकोली।
बलटाना की गोल्डन एस्टेट, विकास नगर और वधावा नगर में रहने वाले लोगों की लंबे समय से रुकी आ रही मांग को सरकार ने पूरा किया है, क्योंकि बलटाना के अंदर बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। काम पूरा होने के बाद कालोनी वासियों को मानसून सीजन में राहत मिलेगी।
-हरजीत सिंह मिंटा, निवासी बलटाना।
फोटो कैप्शन : पाइपलाइन बिछाने का शिलान्यास करते दीपेंद्र ढिल्लों।