जीरकपुर। गोडाउन से एनर्जी ड्रिंक चोरी करने के आरोप में एक कैंटर के अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गोडाउन से एनर्जी ड्रिंक की 400 पेटियां चोरी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 331 (4) व 305 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इनर्जी ड्रिंक चोरी कर ले जाते हुए कैंटर का नंबर सीसीटीवी में कैद हो गया है।
पुलिस को दी शिकायत में जीरकपुर निवासी गोडाउन मालिक सौरव कुमार ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन के गेट के नजदीक उसका एक गोडाउन है, जिसमें इनर्जी ड्रिंक का स्टॉक पड़ा था। सुबह जब गोडाउन पहुंचा तो वह रोजाना की तरह गोडाउन का साइड वाला शटर देखना गया तो उसका ताला टूटा हुआ था और जांच के बाद पता चला के गोडाउन के अंदर से 400 पेटी एनर्जी ड्रिंक गायब थी। जब उन्होंने आसपास के सीसीटीवी चैक किए तो वहां से एक कैंटर जाते हुए दिखाई दिया। जिसका नंबर भी सीसीटीवी में दिखाई दे रहा है।