लालड़ू। अंबाला-कालका रेलवे ट्रैक पर स्थित दप्पर रेलवे स्टेशन के नजदीक एक 35 वर्षीय महिला ने रेल के आगे कूदकर खुदकुुुशी कर ली। बताया जा रहा है कि मृतका मानसिक रूप से बीमार थी। रेलवे चौकी इंचार्ज रसपाल सिंह ने बताया कि पौने 5 बजे सूचना मिली थी कि एक्सप्रेस ट्रेन के नीचे आकर एक महिला की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने बताया कि मृतका के पति मनजीत सिंह निवासी मनौली सूरत के अनुसार उनकी पत्नी 35 वर्षीय अमरजीत कौर पिछले लंबे समय से मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उसका उपचार अंबाला के एक निजी अस्पताल से चल रहा था।
वह बुधवार सुबह श्री गुरुद्वारा साहिब जाने के लिए कह कर घर से निकली थी। उसने दप्पर रेलवे स्टेशन के नजदीक ट्रेनके आगे आकर अपनी जान दे दी। पुलिस ने मृतका के पति मनजीत सिंह के बयान पर धारा 174 के तहत केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतका की 9 साल की बेटी और 7 साल का बेटा है।