कुराली। चुनाव आयोग द्वारा गठित सेहत विभाग और पुलिस की टीम ने आज शहर की सिसवां रोड की एक दवाइयां बनाने वाली फैक्टरी पर छापामारी कर फैक्टरी को सील कर दिया।
लोकसभा चुनाव के दौरान नशे का प्रयोग रोकने के उद्देश्य से चुनाव आयोग द्वारा गठित विशेष टीम (एसटीएफ) का नेतृत्व करते हुए ड्रग इंस्पेक्टर नवदीप कौर ने अपनी टीम के साथ बाद दोपहर सिसवां रोड पर एक दवाइयों की फैक्टरी पर छापा मारा। फैक्टरी में केवल चौकीदार मौजूद होने के कारण टीम कार्रवाई करने से असमर्थ रही। टीम ने फैक्टरी मालिक को मौके पर पहुंचने के लिए कहा और बार-बार फोन पर संपर्क किया जाता रह, लेकिन कई घंटे बाद भी फैक्टरी मालिक नहीं पहुंचा तो टीम ने फैक्टरी को सील कर दिया। टीम ने फैक्टरी मालिक के आने पर सील खोलने तथा चेकिंग करके आगे की कार्रवाई करने की बात कही। ड्रग इंस्पेक्टर नवदीप कौर ने बताया कि नशे का चुनाव में प्रयोग रोकने के उद्देश्य से आयोग की हिदायतों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि आज कुराली की कई केमिस्ट शॉप पर भी चेकिंग की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। टीम में रजिंद्र सिंह और अवतार सिंह भी शामिल थे।