कुराली। खिजराबाद डेरे के आखौती बाबा द्वारा गुरु ग्रंथ साहिब के बजाय किसी अन्य ग्रंथ का प्रकाश करने का मामला गंभीर होता जा रहा है। समागम में पहुंचने का समय देकर भी न पहुंचने के कारण संगत ने आखौती बाबा का गांव में प्रवेश बंद करने की घोषणा की है।
डेरे में गुरु ग्रंथ साहिब के बजाय किसी अन्य ग्रंथ का प्रकाश करके संगत और रागी जत्थों को ठेस पहुंचाने को लेकर बाबा के खिलाफ ग्रामीणों द्वारा संघर्ष कमेटी बनाने के बाद कई पंथक जत्थेबंदियों ने संघर्ष शुरू किया था। इसी दौरान संघर्ष कमेटी के नेताओं ने इस संबंधी तख्त श्री केसगढ़ साहिब और पुलिस को शिकायत करके कार्रवाई की मांग की थी। संघर्ष कमेटी के प्रधान बलविंद्र सिंह, हरमीत सिंह, इकबाल सिंह, पूर्व सरपंच कृपाल सिंह, रविंद्र सिंह, कुलविंद्र सिंह, परमजीत सिंह और कमलजीत सिंह सहित अन्य ने कहा कि बाबा कई बार गुरुद्वारा साहिब में संगत के सामने पेश होने का समय देकर भी नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि अब पुलिस को दी शिकायत पर कार्रवाई न होने तक बाबा को गांव में दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि अब कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।
मैंने समागम में आने का कोई वादा नहीं किया : गजिंद्र सिंह
इस संबंध में संपर्क करने पर बाबा गजिंद्र सिंह ने कहा कि उसने खिजराबाद के गुरुद्वारा दमदमा साहिब में होने वाले समागम में आने का कोई वादा नहीं किया। उसने कहा कि खिजराबाद उसका घर और परिवार है, इसलिए कोई भी उसको गांव में आने से नहीं रोक सकता। उसने कहा कि वह उदासी संत हैं लेकिन फिर भी गुरु ग्रंथ साहिब का सम्मान करते हैं।