कुराली। शहर में करोड़ों रुपये की लागत के साथ गमाडा द्वारा डाली गई सीवरेज लाइन की विजिलेंस जांच शुरू हो गई है। विजिलेंस की उच्च स्तरीय टीम ने शुक्रवार को शहर का दौरा किया। टीम ने शहर के अलग-अलग वार्डों में डाली सीवरेज का मौका देखा। विजिलेंस के अधिकारियों बीएस सोनी, एक्सईएन सुरिन्द्र कुमार, इंस्पेक्टर पवन कुमार और भूपिन्द्र सिंह की टीम ने सीवरेज प्रोजेक्ट की जांच करते हुए शहर के चंडीगढ़- पपराली रोड, रूपनगर मार्ग तथा अन्य सड़कों पर डाली गई सीवरेज की गहराई और लेवल को चेक किया।
टीम ने सीवरेज के मेनहॉल देखे तथा अनाज मंडी में बंद पड़ी सीवरेज की पाइप लाइन का हाल देखा। टीम ने शहर के अन्य कई हिस्सों में डाली गई सीवरेज पाइप लाइन की भी जांच की। टीम ने चंडीगढ़ रोड पर काउंसिल का निकासी नाला तोड़कर गमाडा की ओर से बरसाती पानी की निकासी के लिए डाली गई पाइप लाइन की भी जांच की। टीम ने इस पाइप लाइन के लेवल तथा गहराई के अतिरिक्त पाइप का आकार और निकासी के लिए किए प्रबंध देखे।
काउंसिल की मीटिंग में कुछ दिन पहले पार्षद बहादुर सिंह ओके ने शहर में ठप पड़ी सीवरेज का मामला उठाते हुए इस प्रोजेक्ट की विजिलेंस जांच की मांग की थी। शहर के हुए नुकसान के लिए तत्काल अधिकारियों की जिम्मेवारी निश्चित करने तथा नुकसान की पूर्ति उन अधिकारियों से ही करने का प्रस्ताव लाया था। टीम के अधिकारियों ने बताया कि शहर में डाली गई सीवरेज के ठप होने संबंधी शहर के वार्डों में जाकर लोगों से बातचीत करके रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद इस प्रोजेक्ट के कागजातों और बिल आदि की जांच करने के बाद इस प्रोजेक्ट की सच्चाई सबके सामने लाई जाएगी।
फोटो : कुराली में विजिलेंस विभाग के अधिकारियों की टीम चेकिंग करती हुई।
( अजय ) । फोटो नंबर : एमएचएल-80