मोहाली। वीआईपी जिले में कोरोना महामारी का संकट फिर गहराने लगा है। शुक्रवार को एक साथ 14 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें डेराबस्सी के एक निजी स्कूल के चार छात्र पांचवीं के और दो शिक्षक शामिल हैं। साथ ही जिले में कोरोना के सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 50 पार कर 54 पर पहुंच गया है। सिविल सर्जन डॉ. आदर्श पाल कौर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जिस स्कूल में छात्र पॉजिटिव आए हैं उसके सेक्शन को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा स्कूल में सैंपलिंग की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें।
जानकारी के मुताबिक मोहाली जिले में शुक्रवार को 14 लोग संक्रमित हुए। इनमें डेराबस्सी के छह, ढकोली के तीन, बूथगढ़ का एक, घडुआं का एक और खरड़ के तीन संक्रमित शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक डेराबस्सी और ढकोली नए हॉट स्पॉट बनते जा रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो कोरोना के केस बढ़ने की वजह यह भी है कि लोगों में कोरोना का डर खत्म हो गया है। न तो लोग मास्क पहनते हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन करते हैं। इतना ही नहीं बाहर से घर आकर हाथ धोने की आदत अब लोगों ने छोड़ दी है। सेहत विभाग की ओर से दो दिन पहले ही इस संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को कहा गया है कि वह कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करें। जहां तक हो सके जो काम ऑनलाइन हो सकते हैं, उसे ऑनलाइन करने की कोशिश करें। जिले में अब तक कोरोना के 68971 केस सामने आ चुके हैं और इनमें से 67845 मरीज ठीक हो गए हैं। इसके साथ ही 1072 लोगों की मौत हो चुकी है।