तलवार और चाकू से किए वार, गांव जगतुपरा में हुई वारदात
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। गांव जगतपुरा में करियाना की दुकान करने वाले दो भाइयों पर 14 लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। शिकायतकर्ता अक्षय की शिकायत पर सोहाना थाना पुलिस ने चौहान, तोता और संजय को नामजद कर 14 लोगों पर केस दर्ज किया है। अभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस को दी शिकायत में अक्षय ने बताया कि वह और उसका भाई साहिल 23 नवंबर को शाम करीब सात बजे होलसेल की दुकान से सामान लेकर गांव जगतपुरा स्थित अपनी करियाना की दुकान पर जा रहे थे। जब वे जगतपुरा में ही पड़ते अली करियाना स्टोर के पास पहुंचे तो आरोपियों ने घेरकर मारपीट शुरू कर दी। चौहान ने तलवार से उस पर किए वार किए। वहीं तोते ने चाकू से पीठ पर वार किए। वहीं आरोपियों ने उसके भाई साहिल की रीढ़ के दोनों तरफ चाकू घोंप दिए। उनके शोर मचाने पर लोग वहां इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए फरार हो गए। बाद में लोगों की मदद से उन्हें जीएमसीएच-32 पहुंचाया गया। वहां उसकी दाईं बाजू और पीठ पर चार टांके लगे। वहीं भाई साहिल की रीढ़ के पास सात टांके लगे।
पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता अक्षय ने कहा कि वारदात के बाद उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस में की थी, लेकिन पुलिस की ओर से कार्रवाई में देरी की गई। वारदात के बाद पुलिस को शिकायत की तो उन्होंने पहले किसानों के धरने में पुलिस के व्यस्त होने की बात कहकर कुछ दिन बाद कार्रवाई की बात कही। इसके बाद भी जानबूझकर मामले में कार्रवाई करने से देरी की गई। इस कारण आरोपी बेखौफ इलाके में घूम रहे हैं।
कोटअक्षय की मेडिकल रिपोर्ट आ गई है। उसमें तेजधार हथियार से वार की बात सामने आई है। इस रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। साहिल की मेडिकल रिपोर्ट आनी बाकी है। उसकी रिपोर्ट आने पर संबंधित धाराएं केस में और जोड़ दी जाएंगी।-बलवीर सिंह, जांच अधिकारी