मोहाली। जिले में छह दिन के बाद रविवार को कोरोना संक्रमण मामलों में कमी आई। रविवार को 13 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। वहीं 28 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो गए। डीसी अमित तलवार ने बताया कि जिले में 96937 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 95485 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो चुके हैं। वहीं 1155 लोग संक्रमण की चपेट में आकर जान गंवा चुके हैं। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 297 हो गई हैं। उनका इलाज डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
डीसी ने बताया कि छह दिन में चार लोग कोरोना संक्रमण के चलते जान गंवा चुके हैं। इसे देखते हुए अब निजी अस्पतालों को तैयार रहने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों के साथ मिलकर 12 से 14 वर्ष के बीच के बच्चों को टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया गया है।