विदेश भेजने के नाम पर 10 करोड़ ठगे, पांचों आरोपियों ने बनवाए थे दो-दो पासपोर्ट
सभी आरोपियों ने बैंक में खुलवा रखे थे जाली खाते, आरोपियों में एक महिला शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। पुलिस ने विदेश भेजने के नाम पर क्षेत्र के विभिन्न लोगों से करीब दस करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। इन्होंने लोगों को ठगने के लिए बैंक में जाली खाते भी खुलवा रखे थे।
पुलिस को दी शिकायत में संजय कुमार गर्ग पुत्र कपूर चंद गर्ग निवासी फ्लैट नंबर-1003 माया गार्डन सिटी जीरकपुर ने बताया कि कमलप्रीत सिंह, अशमिंदर कौर दोनों निवासी हाउस नंबर 32-ए शर्मा एस्टेट, बलविंदर सराफ निवासी मकान नंबर 31 टेलीफोन एक्सचेंज कॉलोनी, सन्नी और पप्पी निवासी दिल्ली अपने घर से लोगों को विदेश भेजने का काम करते हैं। उन्होंने संजय गर्ग से दो अलग-अलग खातों में पांच करोड़ रुपये, गुरमेहर सिंह पुत्र पाल सिंह निवासी दशमेश कॉलोनी जीरकपुर से 38 लाख 81 हजार रुपये, बलजिंदर सिंह पुत्र चरणजीत सिंह मेहता निवासी मकान नंबर 62 ग्रीन एनक्लेव से 23 लाख 79 हजार रुपये, सुशांक कुमार पुत्र सुरिंदर कुमार निवासी मकान नंबर 39 एयर फोर्स कॉलोनी से 3 करोड़ 50 लाख रुपये, योगेश महाजन पुत्र रमेश महाजन निवासी मकान नंबर 18सी स्काईनेट एनक्लेव से 25 लाख रुपये, फ्लैट नंबर 601 एस्टेट जीरकपुर निवासी विजय जुनेजा पुत्र रोशन लाल से 44 लाख रुपये और सेक्टर-11 पंचकूला निवासी आशीष कुमार से 20 लाख रुपये लिए थे। इनका आरोप है कि कमलप्रीत सिंह अपनी पत्नी अशमिंदर कौर के साथ विदेश भागने की योजना बना रहा था, लेकिन जब उन्हें समय से पहले पता चला तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दे दी। इसके बाद पुलिस ने कमलप्रीत सिंह और अशमिंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया और इनके बाकी साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
सभी आरोपियों ने बनवा रखे थे दो-दो पासपोर्ट
पुलिस के मुताबिक लोगों को ठगने वाले दंपती कमलप्रीत सिंह और अशमिंदर कौर समेत अन्य तीन आरोपियों ने कागजातों की जालसाजी करके अपने दो-दो पासपोर्ट बनवा रखे थे। यह सभी अपने जाली पासपोर्ट की मदद से विदेश में भागने की फिराक में थे लेकिन पुलिस ने शिकायत के बाद विदेश जाने से पहले ही दंपती को पकड़ लिया। वहीं बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।