मुक्तसर में छत गिरने से परिवार की मुखिया की मौत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब के मुक्तसर में गुरुवार को बारिश से कोटकपूरा रोड स्थित एक घर की छत गिर गई। हादसे में परिवार के मुखिया महावीर प्रसाद की मौत हो गई और उनकी पत्नी निर्मला देवी गंभीर घायल हो गई। उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बुधवार देर रात शुरू हुई बरसात गुरुवार सुबह तक जारी रही।
मृतक महावीर प्रसाद के बेटे रिंकू शर्मा ने बताया कि बारिश के कारण उनके घर की छत गुरुवार सुबह करीब नौ बजे गिर गई। उस समय कमरे में उनके पिता महावीर प्रसाद और माता निर्मला देवी थी। छत का मलबा गिरने से उनके माता-पिता दोनों नीचे दब गए।
रिंकू के अनुसार, उस समय वे घर से बाहर किसी काम के लिए निकला हुआ था। उसने शोर मचाया और आस-पास के लोगों को एकत्र करके अपने माता-पिता को मलबे से निकाला जिन्हें तुरंत ही एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां पर डॉक्टरों ने उनके पिता को मृत घोषित कर दिया, जबकि माता के गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया। रिंकू ने बताया कि उनके घर में मात्र एक ही कमरा था। कमरे की छत गिरने से उनका काफी नुकसान हो गया। कमरे में पड़ा घर का सारा सामान टीवी, फ्रिज, बिस्तर, कपड़े, बैड आदि सबकुछ नष्ट हो गया। रिंकू ने बताया कि अब वह एक छप्पर डालकर बैठे हैं। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की अपील की है।
बठिंडा: बंगी नगर में गिरी मकान की छत
बठिंडा में बुधवार देर रात शुरू हुई बारिश गुरुवार सुबह तक जारी रही। मौसम विभाग के अनुसार सिटी में 30 एमएम और ग्रामीण एरिया में 12 एमएम बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को बारिश के बाद न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारी सुरिंदरपाल सिंह के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान अधिक बारिश की संभावना है। सिटी में हुई 30 एमएम बारिश से परसराम नगर, पुरानी तहसील कांप्लेक्स एरिया में दो फुट तक पानी जमा हो गया। हालांकि शहर के पावर हाउस रोड पर जमा बारिश का पानी कुछ समय बाद मोटर के जरिये निकाल दिया गया वहीं परसराम नगर में भी पानी निकाला जा रहा था। बंगी नगर एरिया में रहने वाले दिव्यांग व्यक्ति सूरज कुमार के घर की छत बारिश में गिर गई। सुरज कुमार ने बताया कि छत गिरने से करीब दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। उसने जिला प्रशासन से मांग की है कि उसके मकान की छत को बनवाया जाए और उसकी आर्थिक सहायता दी जाए।