लुधियाना। महानगर के फोकल पॉइंट इलाके में स्थित उदेरा पेपर मिल में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ड्यूटी के दौरान 47 वर्षीय कारीगर समरथ माझी की चलती मशीन के पट्टे की चपेट में आने से मौत हो गई। वह पट्टे के साथ खिंचकर बॉयलर में जा गिरा, जिससे आग की लपटों में घिरकर उसने दम तोड़ दिया। मृतक समरथ अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़ गया है। वह पिछले तीन वर्षों से इस मिल में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। मिल में उसके साथ उसका भतीजा और चचेरा भाई भी कार्यरत हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त समरथ मशीन पर काम कर रहा था। यकायक उसका संतुलन बिगड़ा और वह घूमते हुए पट्टे में फंस गया। आसपास मौजूद साथी कुछ समझ पाते, इससे पहले ही पट्टा उसे घसीटता हुआ सीधे बॉयलर में ले गया। भीषण आग की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। एएसआई रणधीर सिंह ने पुष्टि की कि श्रमिक की जान मशीनरी की चपेट में आने से गई है। पुलिस ने पार्थिव शरीर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस प्रशासन इस दुर्घटना के कारणों और लापरवाही की गहनता से पड़ताल कर रहा है।