संवाद न्यूज एजेंसी
हलवारा। दो साल पहले तलवंडी राय के जिस गरीब परिवार की 21 साल की लड़की को पढ़ाई के लिए लंदन भेजने में आर्थिक मदद की उसी लड़की ने अपने एक दोस्त से मिलकर कपड़ा व्यापारी रिशी जैन को लूटने के लिये साजिश रच दी। पाकिस्तान के नंबर से 30 लाख रुपये की रंगदारी का फोन आने के बाद रिशी जैन के परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में थाना शहरी रायकोट में निशू उर्फ तन्नू, लंदन में पढ़ रही तन्नू की 21 वर्षीय छोटी बहन उर्मिला और पाकिस्तानी नंबर से रंगदारी मांगने वाले उर्मिला के साथी गैंगस्टर तेजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला निवासी गांव उमरपुरा बटाला हाल निवासी लंदन के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
12 अगस्त को रात 10.40 बजे रायकोट के कपड़ा व्यापारी रिशी जैन को लंदन से कथित गैंगस्टर तेजिंदर सिंह बिल्ला ने पाकिस्तान के नंबर से फोन करके 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी और जान से मारने की धमकी दी। 13 अगस्त को सीटू नेता दलजीत कुमार गोरा ने रिशी जैन के साथ जिला पुलिस प्रमुख डॉ अंकुर गुप्ता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद रायकोट शहरी पुलिस स्टेशन ने 13 अगस्त को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। रायकोट शहरी थाना प्रमुख अमरजीत सिंह गिल ने रायकोट से सटे गांव तलवंडी राय की 24 वर्षीय युवती निशू उर्फ तन्नू पुत्री जसपाल सिंह को मंगलवार देर रात रात गिरफ्तार किया। रायकोट शहरी थाना प्रमुख अमरजीत सिंह गिल ने बताया कि निशू उर्फ तन्नू को बुधवार जगरांव कोर्ट में पेश किया गया। उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले में बहुत पक्के सबूत मिल गए हैं। उन्होंने कहा कि लंदन में रह रहे तेजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला और उर्मिला को भारत लाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। भारत में यूके दूतावास और यूके में भारतीय दूतावास से संपर्क साधा जा रहा है।