जगरांव। महिला थाना जगरांव पुलिस ने धोखाधड़ी करने पर पत्नी, सास-ससुर को नामजद किया है। आरोपियों की पहचान पत्नी हरकीरत कौर, सास सतविंदर कौर एवं ससुर रंजीत सिंह के तौर पर हुई है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने अपनी पत्नी को पढ़ाई के लिए 14 लाख रुपये खर्च कर विदेश भेजा था। वहां जाकर उसने उनके परिवार से बातचीत बंद दी और उन्हें भी बुलाने से मुकर गई।
जांच अधिकारी जसविंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित जसप्रीत सिंह निवासी शक्तिनगर जगरांव ने जिला लुधियाना देहात के एसएसपी दफ्तर में 22 जुलाई 2021 को शिकायत दी थी। उनके अनुसार उनकी शादी हरकीरत कौर पुत्री रणजीत सिंह निवासी गांव हिम्मतपुरा जिला फतेहगढ़ के साथ हुई थी। विदेश जाने बाद पत्नी ने उन्हें वहां नहीं बुलाया तो इस संबंधी सास-ससुर से बात की, लेकिन उन्होंने कोई ठोस जवाब नहीं दिया। जब सास-ससुर से रुपये मांगें तो उन्होंने पंचायती तौर पर हुए राजीनामे में 14 लाख लौटाने की बात कही। अब लंबा समय बीत जाने के बाद भी रुपये नहीं लौटाए गए हैं। जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायत सही पाने के बाद मामला दर्ज किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।